QRT team equipped with PPE to corona suspects
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। कोरोना संदिग्धों की तलाश के लिए क्यूआरटी टीम का गठन किया गया है। बुधवार को एसपी अशोक कुमार ने पुलिसलाइन में टीम के सदस्यों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। यह टीम पीपीई (पर्सनल प्रोटेक्शन इक्विपमेंट) से पूरी तरह लैस होगी और स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ काम करेगी।
एसपी ने बताया कि अगर किसी को कोरोना पाजिटिव है या कोरोना संदिग्ध है तो उसे अस्पताल पहुंचाने में भी यह टीम मदद करेगी। अगर कोई कोरोना का मरीज या संदिग्ध अस्पताल से भागता है तो भी पीपीई से लैस पुलिस की यह टीम संबंधित को पकड़ने में मदद करेगी। कोरोना के संक्रमण को देखते हुए इन दिनों पुलिस भी किसी को हाथ लगाने से परहेज कर रही है। ऐसी परिस्थितियों से निबटने के लिए ही पुलिस का यह विशेष दस्ता तैयार किया गया है। दो दस्ते बनाए गए हैं, जिनमें 12 जवानों को रखा गया है। सुरक्षा के लिहाज से दस सदस्यों वाली क्यूआरटी टीम को संक्रमण से बचने के लिए पूरे संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।