जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध बीपीएड कॉलेजों में खाली सीटों को भरने के लिए दूसरी काउंसिलिंग 18 सितंबर और तीसरी 19 सितंबर को होगी। काउंसिलिंग के बाद भी यदि सीटें खाली रहती हैं तो उसी दिन प्रवेश समिति की बैठक बुलाकर निर्णय लिया जाएगा। गाजीपुर के सात और जौनपुर के एक बीपीएड कॉलेज में दाखिले होने हैं। बीपीएड की 585 सीटों को भरने के लिए अगस्त के अंतिम सप्ताह में विश्वविद्यालय परिसर में दक्षता परीक्षा कराई गई थी। पहले चरण में 250 अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग में शामिल होना था, लेकिन 176 अभ्यर्थियों ने ही काउंसिलिंग कराई थी। इससे 409 सीटें खाली रह गई थीं। बीपीएड प्रवेश समिति के समन्वयक डॉ. शेखर सिंह ने बताया कि दूसरी काउंसिलिंग 18 सितंबर को कराई जाएगी। 19 सितंबर को तीसरी काउंसिलिंग होगी। इसके बाद भी सीटें नहीं भरीं तो उसी दिन प्रवेश समिति की बैठक बुलाई जाएगी। बैठक में सीटों को भरने के बारे में फैसला लिया जाएगा। संवाद