जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एचआरडी विभाग में कोरोना काल में विद्यार्थियों में तनाव प्रबंधन एवं उनके मानसिक स्वास्थ्य के लिए मैनेजिंग स्ट्रेस एट वर्क विषयक ऑनलाइन व्याख्यान हुआ।
इस दौरान इंडोफिल इंडस्ट्रीज के रीजनल मैनेजर अरुण कुमार राय ने कहा कि तनाव तब होता है, जब आप किसी उलझन में हों, आपको कोई समाधान नहीं सूझ रहा हो। ऐसे में अपने मन की बात या समस्या किसी भरोसेमंद एवं अनुभवी व्यक्ति से साझा करनी चाहिए। वह व्यक्ति परिवार, संस्था के अंदर या बाहर का भी हो सकता है। कहा कि आज के भागदौड़ भरे जीवन में साम्य स्थापित बनाने के लिए सावधानी बरतनी होगी। सकारात्मक सोच रखनी होगी और ऊर्जा का सही दिशा में उपयोग करना होगा। संकायाध्यक्ष प्रो. अविनाश पाथर्डीकर ने कहा कि तनाव से मुक्त रहने के सारे साधन हमारे आसपास ही हैं। उन्हें हम सभी को पहचानने या वर्गीकृत कर प्रयोग करने की आवश्यकता है। संचालन एवं स्वागत अभिनव श्रीवास्तव ने किया। धन्यवाद संकायाध्यक्ष प्रो. अविनाश पाथर्डीकर ने दिया। इस अवसर पर अवसर पर डॉ. रसिकेश, डॉ. कमलेश कुमार मौर्य, डॉ. अनुपम कुमार उपस्थित रहे।