जौनपुर। पूर्वांचल विवि के 24वें दीक्षांत समारोह में रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विवि के कुलाधिपति प्रो. पंजाब सिंह मुख्य अतिथि होंगे। इस बार समारोह कोविड-19 के बचाव निर्देशों के तहत कराया जाएगा। लिहाजा सभागार की पूरी क्षमता से कम लोग ही मौजूद होंगे। सभी को मास्क लगाना अनिवार्य होगा। थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही प्रवेश मिलेगा।
विवि के महंत अवैद्यनाथ संगोष्ठी भवन में बसंत पंचमी 16 फरवरी को होने वाला समारोह राज्यपाल आनंदी बेन पटेल की अध्यक्षता में होगा। इसके लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। विभिन्न विभागों से गोल्ड मेडल पाने वालों को पहले ही सूचित कर दिया गया है। तैयारियां जोरों पर है। 15 फरवरी को इसका पूर्वाभ्यास किया जाएगा। कार्यक्रम के बाद राज्यपाल क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम से जुड़े पदाधिकारियों व स्वयं सेवी संस्थाओं के साथ भी बैठक करेंगी। महिला स्वयं सहायता समूहों से भी मिलेंगी। किसान उत्पादक संगठन और एक जिला एक उत्पाद कार्यक्रम से जुड़े अधिकारियों व स्वरोजगारियों से भी मुलाकात प्रस्तावित है। राजभवन से इस बारे में पूरी सूचना मांगी गई है। ऐसे लोगों की सूची भी जिला प्रशासन तैयार कर रहा है।
परिषदीय विद्यालय के बच्चे भी होंगे शामिल
करंजाकला। दीक्षांत समारोह में स्नातक और स्नातकोत्तर के विद्यार्थियों के अलावा परिषदीय विद्यालयों के भी 50 बच्चे शामिल होंगे। कक्षा 5 से आठ तक के विभिन्न स्कूलों से बच्चों का चयन किया गया है। यह बच्चे करंजाकला, सोधी शाहगंज, खुटहन, बदलापुर और मड़ियाहूं ब्लाक के होंगे। खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि उच्चतर प्राथमिक विद्यालय करंजाकला, पूर्व माध्यमिक विद्यालय मेहदीगंज मड़ियाहूं, कम्पोजिट स्कूल नटौली शाहगंज, पूर्व माध्यमिक विद्यालय मिरशादपुर बदलापुर, पूर्व माध्यमिक विद्यालय अंग्रेजी माध्यम बरनपुर खुटहन के बच्चों को बुलाया गया है।