जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति सभागार में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय मानकी संगठन (आईएसओ) अधिकारियों के साथ कुलपति प्रो. निर्मला एस मौर्य ने बैठक की। आईएसओ टीम ने विश्वविद्यालय का प्रमाणीकरण किया।शनिवार की सुबह आईएसओ की तीन सदस्यीय समिति ने रज्जू भइया संस्थान, इंजीनियरिंग संस्थान, विवेकानंद केंद्रीय पुस्तकालय, विश्वकर्मा छात्रावास, महंत अवेद्यनाथ संगोष्ठी भवन, एनएसएस भवन, इनडोर स्टेडियम और एकलव्य स्टेडियम, स्टोर समेत कई विभागों का भ्रमण किया। आईएसओ के लीड ऑडिटर सुहेल इकबाल, प्रतिष्ठा और मनीष श्रीवास्तव ने विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों का भ्रमण किया। उन्होंने संबंधित लोगों से विस्तृत बातचीत की। उन्होंने विश्वविद्यालय की प्रशंसा करते हुए विश्वविद्यालय को आईएसओ प्रमाणपत्र दिया। समिति ने विश्वविद्यालय को ऊर्जा, गुणवत्ता एवं पर्यावरण प्रबंधन के लिए प्रमाणपत्र देने पर अपनी स्वीकृति दी। इसकी घोषणा पर कुलपति प्रो. निर्मला एस मौर्य ने विश्वविद्यालय के शिक्षकों को बधाई दी। कार्यक्रम का संचालन प्रो. मानस पांडेय ने किया। इस अवसर पर वित्त अधिकारी संजय कुमार राय, परीक्षा नियंत्रक वीएन सिंह, प्रो. बीबी तिवारी आदि उपस्थित थे।