करंजाकला। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में 20 अप्रैल से काम काज शुरू हो जाएगा। कार्यालय में सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करते हुए कामकाज किया जाएगा। शासन ने विश्वविद्यालय के कुलसचिव को पत्र भेजकर विश्वविद्यालय में कामकज शुरू कराने का निर्देश दिया है। पत्र में यह भी कहा गया है कि 33 फीसदी कर्मचारी ही एक साथ ड्यूटी पर बुलाए जाएंगे। कोरोना वायरस से बचाव के लिए मास्क, गमझा या दुपट्टे से चेहरे को ढक कर कर्मचारी काम पर लौटेगें। विशेष सचिव उच्च शिक्षा मनोज कुमार ने भेजे गए पत्र में कहा कि सभी विभागाध्यक्ष, कार्यालयाध्यक्ष समूह ऽकऽ तथा ऽखऽ के सभी अधिकारी कार्यालयों में उपस्थित रहेंगे। कार्यालयों के प्रत्येक कार्य दिवस में समूह %ग% एवं %घ% के यथावश्यक 33 प्रतिशत कार्मिकों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए रोस्टर तैयार किया जा रहा है। ऐसे कर्मी अलटरनेट दिवस पर कार्यालय आए ताकि विभागीय कार्यों में व्यवधान उत्पन्न न हो। कार्यालय की कार्यावधि में सोशल डिस्टेंसिंग एवं अन्य सुरक्षात्मक उपायों का पूरा ध्यान रखा जाए। विश्वविद्यालय के कुलसचिव सुजीत कुमार जायसवाल ने बताया कि शासन ने विश्वविद्यालय में कार्य शुरू कराने के लिए पत्र भेजा है। शासन से जारी दिशा निर्देश के तहत कार्यालयों के प्रभारियों को निर्देश दे दिया गया है। कार्यालय वार कर्मचारियों का रोस्टर तैयार किया जा रहा है। सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ख्याल रखते हुए विश्वविद्यालय में कामकाज शुरू होगा।