जिले में ठंड का सितम कम नहीं हो रहा है। शुक्रवार को सुबह से ही चल रही पुरवा हवा से गलन बढ़ गई है। दिन में देर तक कोहरा छाया रहा। शाम ढलते ही गलन तेज हो गई। अलाव के सहारे लोग ठंड से बचाव कर रहे हैं। मीरगंज क्षेत्र के सवैया गांव में 40 वर्षीय महिला की ठंड लगने से मौत हो गई।
सवैया गांव निवासी करिया मुसहर की पत्नी फोटो देवी (40) ने रात में अचानक ठंड लगने की शिकायत की। पहले तो लोगों ने अलाव जलाकर सेंकाई की लेकिन तबीयत बिगड़ती गई तो उसे लेकर लोग अस्पताल जा रहे थे। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पिछले करीब डेढ़ महीने से ठंड से लोग परेशान हैं।
दिन में धूप न होने से लोगों की मुसीबत और बढ़ गई है। धूप होती भी है तो ठंड के आगे सूर्य की किरणों का कोई असर नहीं होता। शुक्रवार को भी ऐसा ही रहा। दोपहर में करीब दो बजे धूप जरूर निकली लेकिन लोगों को ठंड से राहत नहीं मिल सकी।
गुरुवार की आधीरात से ही घना कोहरा छाया रहा। दिन में दोपहर तक कोहरे का असर रहा। घने कोहरे के चलते सड़कों पर सुबह फिसल बढ़ गई थी। शाम को ठंड के चलते जल्दी ही बाजारों में सन्नाटा छा गया। लोग जल्दी घर पहुंच गए। उधर ठंड के चलते आठवीं तक के विद्यालयों में सात जनवरी तक छुट्टी कर दी गई है।