जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में बीए और बीएससी प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाओं की अभी तक तिथि नहीं तय हो पाई है। तकनीकी कारणों से समर्थ पोर्टल पर सूचनाएं अपलोड नहीं होने के कारण समस्या पैदा हो रही है। काफी प्रयास के बाद बीकाॅम प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं 18 दिसंबर से शुरू कराने की तैयारी है।
शासन की प्राथमिकता है कि इस साल स्नातक प्रथम और परास्नातक की परीक्षाएं समर्थ पोर्टल के जरिए कराई जाएं। समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण कराने के लिए अक्तूबर से ही प्रक्रिया शुरू हो गई थी लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है। केवल बीकाॅम की परीक्षा के लिए पंजीकरण का कार्य बड़ी मुश्किल से पूरा हो पाया है। बीकॉम की परीक्षाएं 18 दिसंबर से शुरू होनी हैं।
बीए और बीएससी के साथ स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा कराने के लिए अभी तक तैयारी पूरी नहीं हो पाई है। इसके चलते विश्वविद्यालय प्रशासन अभी तक परीक्षा कार्यक्रम तय नहीं कर पाया है। विश्वविद्यालय से संबद्ध जौनपुर और गाजीपुर में कुल 586 महाविद्यालयों की परीक्षाएं नवंबर में प्रस्तावित थी।
जौनपुर में 222 और गाजीपुर के 364 महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं पहले, तीसरे और पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा में शामिल होने थे लेकिन स्नातक व परास्नातक प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं अभी तक शुरू नहीं हो सकी हैं।
स्नातक (बीए, बीएससी एवं बीकाम प्रथम सेमेस्टर) और स्नातकोत्तर (एमए, एमएससी एवं एमकाम) प्रथम सेमेस्टर सत्र 2025-26 में प्रवेशित छात्र-छात्राओं की परीक्षा तैयारी अभी तक पूरी नहीं हो पाई है। चार महीने से चल रहे प्रयास के बाद अभी तक केवल स्नातक बीकाम में प्रवेशित छात्रों का डाटा समर्थ पोर्टल पर आनलाइन हो सका है।
अभी तक प्रथम सेमेस्टर में केवल बीकाम की परीक्षा के लिए कार्यक्रम तय हुआ है। परीक्षा नियंत्रक डाॅ. विनोद कुुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा के लिए प्रथम सेमेस्टर का परीक्षा आवेदन समर्थ पोर्टल के माध्यम से लिया जा रहा है। बीकाम प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं 18 दिसंबर से शुरू हो जाएंगी। इसके बाद बीए, बीएससी प्रथम सेमेस्टर और पीजी स्तर पर एमए, एमएससी, एमकाम, एमएससी कृषि की परीक्षा की तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है।