जौनपुर। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला महज औपचारिकता बनकर रह गया है। कुछ केंद्रों पर फार्मासिस्ट और स्टाफ नर्स के भरोसे मरीजों का इलाज किया गया।
डॉक्टरों की कुर्सियां खाली रहीं। मेज पर दवा रखकर मेले की औपचारिकता पूरी की गई। बरसठी के भन्नौर स्वास्थ्य केंद्र पर जन आरोग्य मेले में डॉक्टर अनुपस्थित रहे। इससे मरीजों को परेशानी हुई। मेले में मौजूद फार्मासिस्ट सुजीत कुमार ने बताया कि डॉक्टर साहब कमरे पर गई हैं। स्टॉफ नर्स ने कहां आज जांच करने टीम आई थी। इसलिए जल्दी चली गई हैं। मुफ्तीगंज में पीएचसी मुर्तुजाबाद में नियमित चिकित्सक की तैनाती नहीं होने से स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल रहीं। मेले में दंत चिकित्सक के भरोसे मरीजों का इलाज किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि दंत चिकित्सक डॉ. पवन कुमार की ड्यूटी मेले में लगी थी। वह चले गए हैं। 33 मरीजों का उपचार किया गया। मछलीशहर के जमालपुर पीएचसी में आयोजित जन आरोग्य मेले में 29 मरीज देखे गए। इलाज कराने आई शांति देवी (46) ने बताया कि चार-पांच दिनों से बुखार से ग्रस्त हैं। यहां डाक्टर को दिखाया और दवा लेकर खा रही हैं। शंकर यादव (72) निवासी जमालपुर सांस के मरीज हैं। कई महीनो से सांस फूलती है,अब दवा यहां से चल रही है। बेचू (58) निवासी जमालपुर ने बताया कि शुगर कंट्रोल नहीं हो रहा था। संवाद