केराकत में गोली चलने की सूचना पर मौके पर जांच करते हुए कोतवाली प्रभारी। स्रोत-संवाद
केराकत/मुफ्तीगंज (जौनपुर)। केराकत कोतवाली क्षेत्र के देवकली गांव में सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब मामूली विवाद ने जानलेवा हमले का रूप ले लिया। झारखंड में कार्यरत विद्युत विभाग के ठेकेदार उदय प्रताप यादव को निशाना बनाकर बदमाशों ने उनके घर में घुसकर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली बरामदे में रखी चौकी पर जा लगी और ठेकेदार बाल-बाल बच गए। उदय प्रताप यादव एक सप्ताह पूर्व ही अपने पैतृक गांव आए थे। उनके मकान के प्रथम तल पर निर्माण कार्य चल रहा है। चार दिन पहले टाइल्स टूटने की बात को लेकर उनका टाइल मिस्त्री से विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी रंजिश में सोमवार को मिस्त्री अपने आधा दर्जन साथियों के साथ चार बाइकों पर सवार होकर ठेकेदार के घर आ धमका। बदमाशों ने उदय प्रताप को घर के बाहर बुलाया और जैसे ही वह बरामदे में आए, एक हमलावर ने उन पर पिस्टल तान दी। जान बचाने की जद्दोजहद के बीच चली गोली सीधे चौकी में जा धंसी। वारदात को अंजाम देकर बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। हमलावरों को पकड़ने की कोशिश में पीड़ित ठेकेदार चोटिल भी हो गए। सूचना मिलते ही केराकत थाना प्रभारी समेत चार थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल से एक कारतूस बरामद किया है। कोतवाली प्रभारी अरविंद पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हालांकि, अभी तक पीड़ित पक्ष से कोई औपचारिक प्रार्थना पत्र प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दे रही है। पुलिस को मौके से एक कारतूस और खोखा बरामद किया गया।