जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय से सम्बद्ध महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालय परिसर के स्नातक व स्नातकोत्तर के सम सेमेस्टर की परीक्षा के लिए आवेदन 12 मार्च से आनलाइन किए जाएंगे।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि स्नातक स्तर के बीए, बीएस-सी, बीकाम, बीबीए, बीसीए तथा स्नातकोत्तर स्तर के एमए, एमएससी, एमकाम सम सेमेस्टर के सत्र 2025-26 में प्रवेशित छात्र-छात्राओं के संस्थागत एवं कैरी फारवर्ड के परीक्षा फार्म 12 मार्च से ऑनलाइन भरे जाएंगे। छात्र परीक्षा के लिए आवेदन 20 मार्च तक कर सकेंगे। परीक्षा शुल्क जमा करने की तिथि 13 मार्च से 21 मार्च तय की गई है। उन्होंने कहा कि स्नातक व स्नातकोत्तर स्तर के द्वितीय सेमेस्टर के परीक्षा फार्म समर्थ पोर्टल के माध्यम से भरे जाएंगे। इसमें प्रथम चरण में विषयों, प्रश्नपत्रों का चयन दिनांक 20 मार्च 2026 तक किया जाएगा। उसके बाद परीक्षा फार्म भरे जाएंगे।