जिलाधिकारी डाॅ. दिनेश चंद्र सिंह ने अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर के बाद जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डायलिसिस में भीड़ और वेटिंग को देखते हुए सीएमएस को नए यूनिट स्थापित करने के लिए प्रस्ताव बना कर देने को कहा।
जिलाधिकारी ने चिकित्सालय के विभिन्न विभागों और वार्डों का जायजा लिया। सबसे पहले वह आयुष्मान कार्ड डेस्क पर गए और कार्ड की स्थिति जानी। डेटा अपडेट न मिलने पर उसे अपडेट करने को कहा। ओपीडी में भर्ती मरीज मेवालाल यादव से इलाज के बारे में जानकारी ली। एक्सरे कक्ष में निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि कुल 154 डिजिटल एक्सरे किए गए थे। उन्होंने साफ-सफाई को बेहतर करने के लिए निर्देशित किया। इसके बाद फार्मासिस्ट कौशल कुमार त्रिपाठी से जरूरी दवाओं की उपलब्धता एवं वितरण की जानकारी ली। महिला औषधि वितरण कक्ष के लाइन में लगी महिलाओं से बाहर की दवा के बारे में पूछा। इस मौके पर सीएमएस डाॅ. केके राय, चीफ फार्मासिस्ट मनोज तिवारी, फार्मासिस्ट शैलेश यादव, एक्सरे टेक्नीशियन मनोज राजभर आदि मौजूद रहे।