सतहरिया। मुंगराबादशाहपुर के नगर क्षेत्र में में स्थित डाकघर में करीब 15 दिनों से आधार कार्ड नहीं बन रहा है। जिससे लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। आधार कार्ड में संशोधन कराने और नया बनवाने के लिए लोगों को साइबर कैफे में जाना पड़ रहा है। जिससे दिक्कत हो रही है और पैसे भी अधिक देने पड़ रहे हैं।
सिर्फ डाकघर में ही आधार कार्ड बन रहा है। जिसमे सबसे ज्यादा दिक्कत बच्चों, महिलाएं तथा स्कूली विद्यार्थियों को हो रही है। चूंकि आधार कार्ड हर सरकारी विभाग में लिया जा रहा है। कुछ वर्ष पहले नगर में स्थित काशी गोमती ग्रामीण बैंक में आधार कार्ड बन रहा था।बाद में वहां बनना बंद हो गया है। जिससे लोगों को और परेशानी हो रही है। शाखा प्रबंधक नवीन कुमार ने बताया कि कागजी कोरम पूरा करने में कुछ कमी रह गई है। उसे पूरा करवाया जा रहा है। एक माह के भीतर यहां पर आधार कार्ड बनना शुरू हो जाएगा।
स्थानीय देवेन्द्र मौर्य, असरफ अली, शिव पूजन पटेल, बाबू राम पटेल आदि ने इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की। इस संबंध में सब पोस्ट मास्टर मनोज कुमार उपाध्याय ने बताया कि हमारे डाकघर में कर्मचारियों की कमी होने के कारण आधार कार्ड नहीं बन पा रहा है। कर्मचारियों के आने पर आधार कार्ड बनना शुरू हो जाएगा।