मोबाइल की छीनाझपटी में गई थी प्रियांशु की जान
बड़ी बहन के ईंट मारने से हो गई थी मौत, छुपा दिया था शव
संवाद न्यूज एजेंसी
खुटहन। नूरुद्दीनपुर गांव निवासी सूबेदार यादव के प्रियांशु (14) की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने उसकी सगी नाबालिग बहन को गिरफ्तार कर लिया। उसे बालिका सुधार गृह भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक मोबाइल छीनने के विवाद में भाई-बहन में मारपीट हुई थी। बहन ने ईंट चलाई जो प्रियांशु के सिर में जा लगी और उसकी मौत हो गई। उसने भाई के शव को घर के पीछे खंडहर में छिपाकर लकड़ी और उपले रख दिए थे।
प्रियांशु 12 फरवरी को घर से अचानक लापता हो गया था। खोजबीन के बाद परिजनों ने खुटहन थाने में अपहरण का केस दर्ज कराया था। 19 फरवरी को प्रियांशु का शव उसी के घर के पीछे खंडहर में मिला था। शव पर चोट के निशान थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया तो उसमें भी चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई। शव मिलने के बाद खोजी कुत्ता बार-बार घर के भीतर ही जा रहा था जिससे परिजनों ही पुलिस का शक गहरा होता गया। पुलिस ने परिवार के एक एक सदस्य को हिरासत में लेकर पूछताछ की। खुटहन थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर जगदीश कुशवाहा ने बताया कि महिला पुलिस ने मृतक की नाबालिग बहन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले तो वह पुलिस को गुमराह करती रही लेकिन बाद में उसने सच उगल दिया। उसने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन वह मोबाइल पर किसी से बात कर रही थी। उसी बीच प्रियांशु उसके पास पहुंचा और उसका मोबाइल छीनने लगा। इसी बात पर दोनों में विवाद हो गया। उसने पास में पड़े एक ईंट के टुकड़े से उस पर प्रहार कर दिया। उसके सिर में चोट लगी तो वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। यह देख वह घबड़ा गई। परिजनों के डर से वह प्रियांशु को बेहोशी की हालत में खंडहर में पीछे दीवार के पास घसीटकर ले गई और उसके ऊपर लकड़ी और उपले रख दिए।