डोभी। चंदवक थाना क्षेत्र के लेवरूवा गांव निवासी प्राइवेट लाइनमैन की शनिवार को अइलिया गांव में बिजली फाल्ट ठीक करने के दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई। इस हादसे से बिजली निगम में खलबली मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बिजली निगम के अधिकारियों के मुताबिक मृतक को 7.5 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। होली पर्व के पहले हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। लेवरूवा गांव निवासी दयाशंकर सिंह का पुत्र (40) अजीत सिंह उर्फ अंतिम सिंह प्राइवेट लाइनमैन के रूप में बिजली विभाग में काम करते थे। शनिवार को करीब सवा नौ बजे बजरंगनगर सब स्टेशन से बरामनपुर फीडर पर शटडाउन लेकर अइलिया गांव में फाल्ट ठीक करने गए थे। बताते हैं कि अजीत फाल्ट ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़ा ही था कि हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। इससे वह जल गया और नीचे जमीन पर आ गिरा। उसे जलता देख लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। शोर मचाते लोग दौड़े। आनन-फानन में उसे दीनदयाल हॉस्पिटल वाराणसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लाइनमैन की मौत की घटना से जहां विभाग में खलबली मच गई, वहीं परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। घटना के संबंध में क्षेत्रीय एसडीओ केराकत रमेश वैश्य ने बताया कि विभागीय कर्मियों के अनुसार लाइनमैन अजीत फाल्ट ठीक करने के लिए बरामनपुर फीडर पर शटडाउन लिया था, लेकिन वहां न जा कर वह कनौरा फीडर पर फाल्ट ठीक करने खंभे पर चढ़ गया। इस फीडर पर शटडाउन की जानकारी नहीं थी, जिससे यह हादसा हुआ। अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम एके सिंह ने बताया कि इस मामले की जांच कराई जाएगी। यदि कोई दोषी पाया गया तो उसकी जवाबदेही तय की जाएगी। इसके अलावा मृतक को 7.5 लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा।