जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों की सेमेस्टर परीक्षाएं मंगलवार से 33 केंद्रों पर शुरू हुई। पहले दिन बीएड और एमएड की परीक्षाएं दूसरी पाली में 1.30 से 4.30 तक कराई गई। परीक्षा केंद्रों पर गेट पर ही तलाशी लेने के बाद छात्रों को परीक्षा कैंपस में दाखिल होने की अनुमति दी गई। टीडी कालेज, राज कालेज, पीजी कालेज मडियाहूं, सल्तनत बहादुर पीजी कालेज बदलापुर, श्री गणेश राय पीजी कालेज डोभी, बयालसी पीजी कालेज जलालपुर, कुटीर पीजी कालेज चक्के समेत चार जनपदों के कुल 33 केंद्रों पर परीक्षा शुरू हुई। सेमेस्टर पर परीक्षा के लिए केवल राजकीय महाविद्यालय और वित्तपोषित महाविद्यालयों को ही परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा नियंत्रक बीएन सिंह ने बताया कि सभी केंद्रों पर पहले दिन परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। आंतरिक उडाका दल टीम की निगरानी में परीक्षा कराई गई। चार मार्च को परीक्षाएं दोनों पाली में आयोजित की जाएगी।