वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में संचालित पाठ्यक्रमों की सीटें भरने के लिए तैयारी शुरू हो गई है। पूर्वांचल यूनिवर्सिटी कंबाइंड टेस्ट (पीयूकैट) के जरिये सीटों को भरा जाएगा। इसके लिए आवेदन 15 अप्रैल तक लिए जाएंगे। प्रवेश परीक्षा अप्रैल के अंतिम सप्ताह में आयोजित कराने की तैयारी है।
विश्वविद्यालय ने प्रवेश परीक्षा की अधिसूचना विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर भी अपलोड कर दी है। प्रवेश के लिए आवेदन भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। स्नातक में 15 और स्नातकोत्तर में 23 पाठ्यक्रमों का संचालन हो रहा है। प्रवेश परीक्षा के लिए विश्वविद्यालय ने अलग-अलग पाठ्यक्रम की सूचना जारी कर दी है। विश्वविद्यालय परिसर में संचालित एमबीए के सभी विभाग, बीएससी (विज्ञान), बीएससी ऑनर्स, एनवायरमेंटल साइंस, बीकॉम ऑनर्स, बीए एलएलबी, बीए साइकोलॉजी, मास कम्युनिकेशन, बीटेक, ब्रांच, स्नातकोत्तर में एमएससी, एमसीए, एमए, डिप्लोमा इन फार्मेसी, डिप्लोमा इन मैकेनिकल इंजीनियरिंग पीजी डिप्लोमा इन जनरल वूमेन स्टडीज, पीजी डिप्लोमा इन ट्रांसलेशन आदि विषयों में प्रवेश होना हैं।
विश्वविद्यालय परिसर में संचालित बीटेक के सभी शाखाओं में जेईई मेंस के द्वारा आयोजित परीक्षा के आधार पर प्रवेश लिया जाएगा। एमबीए, एमसीए, बी-फार्मा में सीयूएटी द्वारा आयोजित परीक्षा के आधार पर काउंसलिंग से सीटें भरी जाएंगी।