कुर्बानी का पर्व ईद-उल-अजहा (बकरीद) मंगलवार को पूरे उत्साह के माहौल में मनाया गया। ईदगाह और मस्जिदों में अकीदत के साथ बकरीद की नमाज अदा की गई और मुल्क की तरक्की व अमन चैन के लिए दुआ की गई। लोगों ने एक दूसरे के गले मिलकर बकरीद की मुबारकवाद दी।
इस दौरान ईदगाह और मस्जिदों पर सुरक्षा के भी मुकम्मल इंतजाम किए गए थे। नगर के मछलीशहर पड़ाव स्थित शाही ईदगाह में सुबह 8:30 बजे पेश इमाम मौलाना जफर अहमद सिद्दीकी की सर परस्ती में नायब इमाम मौलाना फैसल सिद्दीकी ने नमाज अदा कराई।
नमाज के बाद मौलाना ने मुल्क की तरक्की और अमन चैन के लिए दुआ करवाई। शाही ईदगाह पर डीएम भानुचंद्र गोस्वामी, एसपी अतुल सक्सेना, पूर्व राज्यपाल माता प्रसाद, व्यापारी नेता इंद्रभान सिंह इंदू, सपा नेता श्रवण जायसवाल, निखिलेश सिंह जाफर अहसन जाफरी आदि ने नमाजियों से गले मिलकर बकरीद की मुबारकवाद दी।
यहां नगर मजिस्ट्रेट रत्नाकर मिश्र, एसडीएम आरके पटेल, एसपी सिटी रामजी सिंह यादव समेत पुलिस और प्रशासन के लोग मौजूद थे। सदर इमामबाड़ा ईदगाह में शिया समुदाय के मौलाना महफुजुल हसन खां ने ईद-उल-अजहा की नमाज 9:30 बजे अदा कराई। यहां नमाजियों की संख्या अधिक होने के कारण दूसरी नमाज 10 बजे हुई।
यहां मौलाना महफुजुल हसन खां ने मुल्क में फैली सामाजिक बुराइयों से लोगों को दूर रहने का संदेश दिया। मौलाना ने मुल्क की तरक्की के लिए दुआ कराई। हुसैनिया नकी फाटक में वरिष्ठ शिया धर्म गुरु मौलाना सफ़दर हुसैन ज़ैदी ने बकरीद की नमाज़ अदा करायी ।
मौलाना ने कहा कि आज कुछ ताकते मुल्क को तोड़ने की कोशिश कर रही हैं। हमको ऐसे लोगो का मुह तोड़ जवाब देना है । ताकि हमारी एकता अखंडता पर कोई आंच न आ सके । मौलाना ने कहा कि ईदुल अज़हा के मौके पर अल्लाह की राह में दी गयी क़ुरबानी को साफ़ नियत से देनी चाहिए ताकि अल्लाह क़ुरबानी को कुबूल करे।
मछलीशहर के बड़ी मस्जिद, जामा मस्जिद, सकूरिया आदि मस्जिदों में नमाद अदा की गई। खेतासराय के शाही ईदगार में कारी जलालुद्दीन ने नमाज अदा कराई, हलीमी मस्जिद में मौलाना नसीम अहमद, गुरैनी ईदगार में नाजिम मौलवी अब्दुर्रहीम, मानीकला ईदगाह में हाफिज रेयाज ने नमाज अदा कराई।
बक्शा प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के दक्षिणपट्टी रन्नो, मोहम्मदपुर, सदरुद्दीनपुर, बर्रैपट्टी आदि गांवों में बकरीद का पर्व सौहार्द के माहौल में मनाया गया। गौराबादशाहपुर, केराकत, मड़ियाहूं, जलालपुक, जफराबाद, बदलापुर, मुंगराबादशाहपुर, शाहगंज, खुटहन आदि इलाकों में भी बकरीद का पर्व सौहार्द के माहौल में मनाया गया।