निगोह। बरसठी ब्लॉक मुख्यालय के सामने शुक्रवार को कई प्रधानों ने मनरेगा लेखाकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। बीडीओ को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की। कहा कि अपने चहेते ठेकेदारों का भुगतान किया जा रहा है, लेकिन बाकी प्रधानों का नहीं। लेखाकार पर कमीशन लेने का भी आरोप लगाया। प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष गजेंद्र दुबे के नेतृत्व में करीब 24 से अधिक ग्राम प्रधान ब्लाॅक मुख्यालय पर पहुंचे। सभी ने आरोप लगाया कि मनरेगा से ग्राम पंचायतों में 60-40 के हिसाब से पक्का कार्य कराया गया था, लेकिन भुगतान नहीं हुआ। 88 ग्राम पंचायतों में कराए गए कार्यो का भुगतान होना है। आठ से दस लाख बकाया है। आरोप है कि चहेते बाहरी ठेकेदारों से कराए गए कार्यों का ही भुगतान किया गया, बाकी का नहीं किया। शिकायत करने वालों में प्रधान अरुण सिंह, चंदा सिंह, मिथिलेश पांडेय, सर्वेश शुक्ला, राजेश यादव, हरिओम यादव आदि मौजूद रहे। प्रभारी बीडीओ ऋचा सिंह ने बताया कि दो जगह डोंगल अटैच हैं जिससे दोनों जगह भुगतान लगाना था कुछ समय ही साइट चला जिससे उतने लोगों का ही पेमेंट लग सका। बाकी का भी जल्दी ही भुगतान हो जाएगा।