नालियों और कचरे से निकाली पॉलीथिन, बनाएंगे सड़क
- जिले की निकायों में अभियान चलाकर एकत्रित किया गया पॉलीथिन
संवाद न्यूज एजेंसी
मडियाहूं/जफराबाद/खेतासराय। डीएम के निर्देश पर नगर निकायों में पॉलीथिन के विरोध में अभियान चलाया गया। पॉलीथिन का इस्तेमाल करने वालों को हिदायत दी गई। वहीं सड़कों, नालियों में पड़े पॉलीथिन को निकाला गया। इस पॉलीथिन का इस्तेमाल सड़क निर्माण में किया जाएगा।
मड़ियाहूं में ईओ डॉ. संजय कुमार ने नगर के 15 वार्डों की गलियों चौराहों तिराहों और मुख्यमार्गों पर पॉलीथिन संग्रहण अभियान चलाया। इसमें रद्दी पॉलीथिन, कूड़ा से पृथक किया गया। ईओ ने बताया कि इस पॉलीथिन से जिले में एक सड़क का निर्माण कराया जाएगा। जफराबाद नगर पंचायत में ईओ आशुतोष त्रिपाठी के नेतृत्व में चले अभियान में लिपिक राजमन, सत्येन्द्र नारायण तिवारी, दीपक शुक्ल, राकेश गुप्ता, रामसूरत, आकाश व दाऊद आदि शामिल रहे। खेतासराय में ईओ अमित कुमार ने रविवार को मेनरोड, कासिमपुर, डोभी, जोगियाना मोहल्ला समेत विभिन्न वार्डों में स्वच्छता का विशेष अभियान चलाया। सफाईकर्मियों से नालियों में फंसे गंदे पॉलीथिन को निकलवा कर इकट्ठा किया। इस दौरान दुकानदारों से पॉलीथिन प्रयोग न करने की हिदायत दी गई। उन्होंने बताया कि सभी मोहल्लों में सफाई के दौरान मिलने वाली पॉलीथिन का संग्रह किया जा रहा है। इसे पीडब्लूडी में जमा किया जाएगा। इस दौरान शोभनाथ पाल, सिद्धार्थ श्रीवास्तव, पीयूष मथुरिया, दिनेश यादव, जावेद आलम, प्रमोद यादव, बृजनाथ यादव आदि कर्मचारी रहे।