नई सब्जी मंडी स्थित मतगणना स्थल पर सामाजिक दूरी के लिए गोले बनाते कर्मचारी।
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। मल्हनी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां सोमवार को रवाना की जाएगी। चौकियां स्थित नवीन मंडल स्थल से सभी पोलिंग पार्टियों को चुनाव सामग्री का वितरण होगा। इसके लिए काउंटर लगाने, रुट चार्ट बनाने सहित अन्य तैयारियां रविवार की शाम तक पूरी करा ली गईं। रुटवार वाहनों को मंडी परिसर व बाहर खड़ा कराया गया है। चुनाव सामग्री लेकर सभी पोलिंग पार्टियां यहीं से अपने-अपने तय वाहन पर सवार होकर बूथों के लिए रवाना होंगी। चुनाव बाद यहीं ईवीएम जमा की जाएगी।
विधानसभा क्षेत्र में 238 मतदान केंद्रों पर 554 बूथ बनाए गए हैं। इसमें 71 केंद्र क्रिटिकल की श्रेणी में रखे गए हैं। पूरे विधानसभा क्षेत्र को छह जोन और 22 सेक्टरों में बांटा गया है। मतदान सामग्री के वितरण के लिए सेक्टरवार काउंटर नवीन मंडी समिति परिसर में लगाए गए हैं। इन्हीं काउंटरों से उन्हें चुनाव कराने के लिए ईवीएम व चुनावी बस्ता मुहैया कराया जाएगा। सामग्री वितरण का क्रम सुबह छह बजे से ही शुरू हो जाएगा। दस बजे के बाद पोलिंग पार्टियों की रवानगी शुरू हो जाएगी। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में डीएम दिनेश कुमार सिंह व एसपी राजकरन नय्यर ने बताया कि मतदान के लिए 554 कंट्रोल यूनिट, 1108 बैलेट यूनिट, 554 वीवी पैट का इस्तेमाल होगा। इसके अलावा 222 कंट्रोल यूनिट और 444 बैलेट यूनिट व 277 वीवी पैट रिजर्व में रखा गया है। चुनाव कार्य में लगे सभी कर्मचारियों को सुबह छह बजे तक मंडी समिति परिसर में उपस्थित होना होगा। मतदान समाप्ति के बाद ईवीएम को मंडी समिति परिसर में ही बने स्ट्रांग रुम में सेक्टर वार बने काउंटर के माध्यम से ही जमा कराया जाएगा।