जौनपुर। लॉकडाउन के चलते अस्पताल से घर जाने के लिए कोई वाहन नहीं मिला तो अस्पताल से डिस्चार्ज महिला को पुलिस ने अपनी गाड़ी से उसे 16 किलोमीटर दूर घर पहुंचाया।
एसपी अशोक कुमार ने बताया कि सोमवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे एक युवक ने 112 नंबर पर काल कर के बताया कि उसकी दादी एक हादसे में घायल हो गई । एंबुलेंस से अस्पताल तो पहुंच गई पर इलाज के बाद अस्पताल से घर जाने के लिए कोई साधन नहीं है। इस सूूचना पर पीआरवी संख्या 2355 मछलीशहर स्थित चिकित्सालय पहुंची। यहीं से पुलिस को काल की गई थी। पीआरवी ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की तो पता चला कि पवारा थाना क्षेत्र के भटेवरी गांव निवासी सीता देवी 62 सीढ़ी से गिरकर घायल हो गई थी। उनके सिर में चोट आई थी। एंबुलेंस की सहायता से वह अस्पताल आई थी लेकिन इलाज के बाद घर जाने के लिए कोई सवारी नहीं मिल रही थी। उनके साथ आए उनके नाती प्रदीप ने पुलिस को फोन कर मदद मांगी थी। पीआरवी 2355 के कर्मचारियों ने महिला को अपने वाहन में बैठाकर 8 किमी दूर थाना पवारा की सीमा पर पर पीआरबी 2357 को हवाले कर दिया। जहां से पीआरवी 2357 ने महिला को उसके घर पहुंचा दिया।