परिवार परामर्श केंद्र के सचिव ने केराकत के अउवार गांव निवासी ससुराल वालों पर विवाहिता द्वारा किए गए घरेलू हिंसा के मुकदमे में ससुराल वालों को नोटिस जारी किया है। थानाध्यक्ष केराकत को आदेश दिया कि नोटिस का तामिला करा कर पति और अन्य ससुराल वालों को 21 नवंबर 2024 को खरका रोड, कचहरी स्टेट बैंक के निकट परिवार परामर्श केंद्र में सुबह 10:30 बजे उपस्थित कराएं।
किरन निषाद निवासी बीरीबारी, चंदवक ने परिवार परामर्श केंद्र में अधिवक्ता चंद्र प्रकाश दुबे के माध्यम से प्रार्थना पत्र दिया कि उसके माता-पिता की पूर्व में मृत्यु हो चुकी है। उसके मामा भोला ने तीन जुलाई 2017 को उसकी शादी साजन निषाद निवासी ग्राम अउवार के साथ कराई थी। विवाह के बाद पति साजन, ससुर मुनक्का, सास शांति, देवर राजू, विजय व सतीश दहेज में एक लाख रुपये की मांग को लेकर वादिनी को मारते-पीटते व प्रताड़ित करते थे। इस बीच उसके दो बच्चे शिल्पी व सोनू हुए, लेकिन ससुराल वालों की प्रताड़ना जारी रही। दहेज की मांग पूरी न होने पर दो जुलाई 2024 को एक बजे उसे मारपीट कर बच्चों समेत घर से निकाल दिया। पति दूसरी शादी करना चाहते हैं। केंद्र के सचिव व परामर्शदाता ने आरोपी के खिलाफ नोटिस जारी करते हुए थानाध्यक्ष केराकत को पेश कराने का आदेश दिया है।