सिंगरामऊ। ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति के गौरीशंकर मंदिर स्थित मुख्यालय पर संस्था की ओर से गोद लिए गए 125 टीबी मरीजों को सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह के हाथों शनिवार को पोषण पोटली बांटी गई। 100 दिवसीय सघन टीबी अभियान के तहत मौके पर मौजूद लोगों को शपथ दिलाई गई। मुख्य अतिथि सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में लोगों ने टीबी प्रभावितों और उनके परिवारों को उत्तम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, टीबी प्रभावितों को फिर से स्वस्थ और सम्मानित जीवन जीने में सहयोग देने का संकल्प लिया। उन्होंने लोगों से टीबी हारेगा, देश जीतेगा... नारा लगवाकर टीबी उपचाराधीनों का मनोबल बढ़ाया। सीएमओ ने कहा कि दुनिया में सबसे ज्यादा टीबी रोगी भारत में हैं। इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2025 तक देश से टीबी उन्मूलन का संकल्प लिया है। इसमें ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति बढ़-चढ़कर प्रयास कर रही है। संस्था प्रमुख डॉ. अंजू सिंह ने कहा कि यह बीमारी हवा से फैलती है। इसलिए टीबी मरीजों को इधर-उधर खांसना, छींकना और थूकना नहीं चाहिए। टीबी किसी जाति, धर्म और वर्ग तक सीमित नहीं है। शुरू से ही और पूरा इलाज करने पर यह बीमारी पूरी तरह से ठीक हो जाती है। इस मौके पर सुभावती देवी, कंचन, सौम्या सिंह, डॉ. अभिषेक वर्मा, डॉ. संजय सिंह, अनिल शर्मा, शिव पूजन मिश्रा आदि रहे।