नगर के बीआरपी इंटर कॉलेज मैदान में चल रहे तीन दिवसीय पूर्वांचल युवा महोत्सव का शनिवार को समापन हो गया। अंतिम दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं में युवाओं ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।
गणेश वंदना में पीहू खरे, गायन में श्रृष्टि सिंह और मेहंदी में साबरी निशा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। हस्तकला में निखिल, नृत्य में वत्सला, लंगड़ी बुआ मेहंदी में अनुज सोनकर व सजल यादव, और ड्राइंग पेंटिंग में नवीन विश्वकर्मा प्रथम रहे। श्रेयजल ठाकुर, रविंद्र सिंह ज्योति, वंदना दुबे और प्रियम त्रिपाठी की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समापन समारोह में पूर्वांचल विश्वविद्यालय की प्रोफेसर वंदना सिंह मुख्य अतिथि, जबकि बदलापुर विधायक रमेश मिश्रा और पूर्व सांसद वाराणसी डॉ. राजेश मिश्रा विशिष्ट अतिथि थे। अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि प्रोफेसर वंदना सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी कला निखारने और देश में जिले का नाम रोशन करने के लिए बेहतर मंच प्रदान करते हैं।
उन्होंने युवाओं को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। विशिष्ट अतिथि डॉ. राजेश मिश्रा ने इतने बड़े आयोजन को गर्व का विषय बताया और कहा कि यह मंच पूर्वांचल के कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका दे रहा है। बदलापुर विधायक रमेश मिश्रा ने बताया कि इस महोत्सव के माध्यम से अब तक दर्जनों कलाकारों को राष्ट्रीय मंच मिल चुका है।
प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले सभी कलाकारों को स्मृति चिह्न, अंग वस्त्रम और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का स्वागत आयोजन समिति की महामंत्री निवेदिता राय ने किया और संचालन अविनाश दुबे ने किया। आयोजक डॉ. दिनेश तिवारी ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर इंद्रभान सिंह, ज्ञान प्रकाश पाठक, संजय सिंह, महेंद्र और प्रोफेसर अजय दुबे आदि उपस्थित रहे।