जौनपुर। नगर पालिका जौनपुर के शीर्ष सौ करदाताओं पर प्रशासन की नजर है। इन करदाताओं का फिर से सत्यापन किया जाएगा, जिसके बाद उनसे निर्धारित पैमाने पर कर की वसूली की जाएगी। इसके लिए जल्द ही सर्वे कार्य शुरू होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी नगर निकायों को अपने आय के स्त्रोत को बढ़ाने का निर्देश दिया है। इसी कड़ी में नगर पालिका परिषद जौनपुर अपनी आय के स्त्रोत को बढ़ाने में लगा हुआ है। आंकड़ों के मुताबिक 39 हजार लोग टैक्स अदा करते हैं, जिनमें 32 हजार आवासीय और 7 हजार व्यवसायिक टैक्सदाता है। वहीं, प्रशासन इनमें से शीर्ष कर दाताओं का पुन: सत्यापन कराने का फैसला लिया है। इसके लिए नगर पालिका परिषद को निर्देश भी दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक सर्वे में यह देखा जाएगा कि जितना टैक्स लिया जा रहा है वह नियमानुसार सही है या नहीं। इस दौरान यदि किसी की कोई समस्या होगी तो उसका भी समाधान किया जाएगा। इस संबंध में ईओ संतोष कुमार मिश्रा का कहना है कि सर्वे कार्य जल्द ही शुरू कराया जाएगा। इसके लिए तैयारी चल रही है।