चंदवक। थाना क्षेत्र के अटहरपार गांव में पेड़ से कटहल तोड़ने में हुए विवाद को लेकर एक युवक के कमरे में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीन नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अटहरपार निवासी हवलदार उर्फ वक्कू यादव का आरोप है कि शुक्रवार की देर रात करीब 12:30 बजे वह अपने पंपसेट पर सो रहा था। गांव के दीपनारायण, शिवम यादव तथा उनके साथ एक अन्य अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे और पेट्रोल छिड़ककर मशीन के पास बने कमरे में आग लगा दी। आग से कमरे में रखी चौकी, चादर, कपड़े तथा प्लास्टिक का पाइप जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़ित का आरोप है कि कटहल तोड़ने को लेकर हुए पुराने विवाद के कारण आगजनी की गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।