राजाबाजार। महराजगंज थाना क्षेत्र के लमहन गांव स्थित पेट्रोल पंप पर शुक्रवार को बाइक सवार बदमाशों ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने 1.61 लाख रुपये लूट लिए। तीन बाइक से आए छह बदमाश पंप कर्मियों के पास मौजूद रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। बदमाशों ने हवाई फायरिंग भी की। दिनदहाड़े हुई लूट से सनसनी फैल गई। एसपी, एएसपी सहित पुलिस के अन्य अफसरों ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। सीसी टीवी कैमरे के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
लमहन गांव में अंबिका प्रसाद तिवारी का पेट्रोल पंप है। शुक्रवार दोपहर करीब पौने 12 बजे सेल्समैन अमर बहादुर, मोहित प्रजापति, चंद्रप्रकाश पांडेय ग्राहकों को तेल दे रहे थे। इसी दौरान तीन बाइक से छह बदमाश वहां पहुंचे। सभी ने अपने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। कोई जब तक कुछ समझ पाता बदमाशों ने असलहा तान दिया। तीनों कर्मचारियों से रुपये से भरा बैग छीनकर हवाई फायरिंग करते हुए बदमाश बदलापुर की तरफ फरार हो गए। घटना के बाद मैनेजर संदीप यादव ने तत्काल सूचना 112 नंबर पर दी। बदलापुर सीओ चोभ सिंह, एसओ ओमनारायण सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पंप पर लगे सीसी टीवी कैमरे की फुटेज खंगालते हुए हार्ड डिस्क निकालकर साथ ले गए। बाद में राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी और एसपी राजकरन नय्यर ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने 48 घंटे में बदमाशों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। पेट्रोल पंप के मैनेजर संदीप यादव ने कैश मिलान के बाद बताया कि बैग में करीब 1.61 लाख रुपये थे।
दुकानें बंद कराने में व्यस्त रही पुलिस, पेट्रोल पंप पर हो गई लूट
राजाबाजार। कोरोना कर्फ्यू में जब सड़कों पर हर तरफ सन्नाटा था। सुरक्षा के लिए पुलिस फोर्स लगातार सड़कों पर घूम रही है। ऐसे समय में दिनदहाड़े हुई लूट की दुस्साहसिक वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। महज सौ मीटर पर एबीएस पुलिस चौकी होने के बावजूद पुलिस के पहुंचने से पहले बदमाश आराम से फरार हो गए।
गोरखपुर-प्रयागराज मार्ग पर स्थित धनदेई फिलिंग स्टेशन पर आम दिनों में हर वक्त चहल-पहल रहती है। इस वक्त कोरोना कर्फ्यू के चलते लोगों की आवाजाही कम है। पुलिस ने जगह-जगह नाके लगा रखे हैं, ताकि बेवजह घूमने वालों को रोका-टोका जा सके। पुलिस-प्रशासन की टीमें भी लगातार भ्रमण कर रही हैं। घटना के समय पर एबीएस पुलिस चौकी की फोर्स महराजगंज कस्बे में बैंक के पास दुकानें बंद कराने में मशगूल थी। इसी मौके का लाभ लेकर छह की संख्या में बदमाश तीन बाइकों से एक साथ पहुंचे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। सामान्य आवाजाही पर पुलिस हर किसी को रोककर चालान काटती रहती है, मगर बदमाशों पर उनकी निगाह नहीं पड़ी। लिहाजा वह पूरी वारदात को इत्मीनान से अंजाम देने में सफल रहा। भागते समय हवाई फायरिंग भी की, फिर भी पुलिस की सक्रियता नहीं दिखी। बदमाशों के फरार होने के बाद अफसर हरकत में आए।
पंप मालिक की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ की जा रही है। शीघ्र की बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - त्रिभुवन सिंह, एएसपी ग्रामीण।