शाहगंज (जौनपुर)। क्षेत्र के पख्खनपुर गांव में शुक्रवार को खेत में बकरी चरा रही 17 वर्षीय अर्पिता पर पालतू कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने किशोरी के सिर में काट लिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे आनन-फानन में राजकीय पुरुष चिकित्सालय शाहगंज ले गए। चिकित्सकों ने उसके सिर में 15 टांके लगाए। हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। किशोरी के भाई गिरीश कुमार के अनुसार, पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
पख्खनपुर निवासी अर्पिता (17) पुत्री अभिमन्यु शुक्रवार को बकरी चराने खेत गई थी। अर्पिता के अनुसार, इसी दौरान गांव निवासी एक व्यक्ति अपने पालतू कुत्ते को लेकर खेत में पहुंचा। कुत्ते ने अर्पिता पर हमला कर दिया और उसके सिर में काट लिया। किशोरी के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पर परिजन भी आए। घायल अर्पिता को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
पुलिस से कार्रवाई की मांग उठाई
पीड़िता के भाई गिरीश कुमार के अनुसार, उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि उनकी बहन पर हमला करने वाला कुत्ता पहले भी उनके खेत में धान की रोपाई करने गई एक महिला को काट चुका है। इसके बावजूद कुत्ते को खुले में लाया गया, जिससे दोबारा घटना हो गई। उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद गांव में कुत्ते को लेकर भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पालतू कुत्ते को सार्वजनिक स्थानों पर खुले में न छोड़ने और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मामला संज्ञान में है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
- दिनेश कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक।