बीएसएनएल के लैंडलाइन और ब्राडबैंड कनेक्शन के लिए महीने भर से चक्कर लगा रहे उपभोक्ताओं ने शनिवार को जासोपुर गांव स्थित टेलीफोन एक्सचेंज पर प्रदर्शन किया।
करीब 40 की संख्या में मौजूद प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि नया कनेक्शन देने में विभागीय अधिकारी हीलाहवाली कर रहे हैं।
क्षेत्र के मंगदपुर गांव निवासी मुकेश कश्यप, सरायख्वाजा निवासी वीरेंद्र कुमार, जासोपुर गांव निवासी अशोक विश्वकर्मा और रिंकू विश्वकर्मा समेत कई अन्य लोगों ने बीएसएनएल की लैंडलाइन सेवा के लिए आवेदन किया है।
इनका आरोप है कि एक महीने से अधिक समय बीत गया लेकिन अब तक कनेक्शन नहीं दिया गया। अशोक विश्वकर्मा का आरोप है कि लाइनमैन के कहने पर उन्होंने जमीन में पड़े केबल से कनेक्शन के लिए गड्ढे भी खुदवाए, इसके बाद
भी उन्हें दौड़ाया जा रहा है। एक्सचेंज पर जुटे लोगों ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। लाइनमैन संतोष कुमार ने कहा कि देखना होगा कि जमीन में पड़े केबल में कोई पेयर खाली होगा तभी नया कनेक्शन देना संभव हो पाएगा।
इस संबंध में एसडीओ एमपी यादव ने कहा कि पूर्वांचल दूरभाष केंद्र में कोई टेलीफोन पेंडिंग नहीं है। जितने भी आवेदन आए थे सभी को कनेक्शन दे दिया गया है। पेयर की जानकारी करा लेते हैं अगर बचा होगा तो नए कनेक्शन भी दिए जाएंगे।