चंदवक बाजार में लगे जाम में फंसे वाहन।
- फोटो : JAUNPUR
रेलवे फाटक बंद रहने से जाम में फंसे वाहन
बदलापुर। जफराबाद-सुल्तानपुर रेल प्रखंड पर स्थित भलुआही गांव के गेट संख्या 23 सी पर सोमवार की शाम रेलवे फाटक लगभग आधा घंटे के लिए बंद कर दिया गया। जिसके चलते दोनों तरफ एक किमी लम्बा जाम लग गया। जाम में जगह-जगह बराती व मरीज भी फंसे रहे।करीब एक घंटे बाद लोगों को जाम से राहत मिली। जाम के कारण दो पहिया वाहन भी फंसे रहे।
सोमवार को करीब छह बजे तीन ट्रेने लगातार जफराबाद-सुल्तानपुर रेल प्रखंड से गुजर रही थी। जिसके कारण गेट को करीब आधे घंटे तक बंद कर दिया गया। गेट बंद होने के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम इस कदर था कि पैदल सड़क पार करने में लोगों को पसीने छूट रहे थे। आधे घंटे बाद जब गेट खुला तो किसी तरह लोगों को राहत मिली। रेलवे फाटक खुलने के बाद भी लगभग एक घण्टे बदलापुर महराजगंज मार्ग पर जाम लगा रहा।दूर दराज यात्रा करने वाले लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। बड़े वाहन तो करीब एक घंटे तक रास्ता खुलने का इंतजार करते रहे। जाम के चलते बड़े वाहन चालक सड़क के किनारे वाहन लगाकर खड़े हो गए।
जाम में फंसकर घंटों परेशान हुए लोग
डोभी। आजमगढ़ वाराणसी मार्ग पर स्थित चंदवक बाजार में बेतरतीब खड़े हो रहे वाहनों व ठेलों के कारण चौराहे पर अक्सर जाम लगा रहता है। सोमवार को भी घंटों लोगों को जाम में फंसकर परेशान होना पड़ा। सोमवार को गाजीपुर रोड पर दोनों किनारे बेतरतीब खड़े ठेले और वाहनों के बीच में दो ट्रक आमने सामने आ गे। जबतक दोनों ट्रक निकल पाते तबतक दोनों वाहनों के पीछे लंबी लाइन लग गई। देखते ही देखते लंबा जाम लग गया। करीब घंटे भर बाद यातायात सामान्य हो सका।