चोरी के शक में हिरासत में लेने पर थाना घेरा
झुकना पड़ा पुलिस को, छोड़ने के बाद ग्रामीण हुए शांत
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर। थाना क्षेत्र के रामपुर गांव की चौहान बस्ती के कुछ लोगों को चोरी के आरोप में हिरासत में लिए जाने से क्षुब्ध ग्रामीणों ने थाने पर प्रदर्शन किया। थाना घेरकर पुलिस के खिलाफ नारे लगाए। प्रबुद्ध लोगों के हस्तक्षेप से किसी तरह मामला शांत हुआ।
रामपुर पुलिस ने 14 नवंबर की रात बस्ती के छह लोगों को चोरी करने के संदेह में थाने ले आई थी। इसकी जानकारी लोगों को हुई तो वह उग्र हो गए। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष थाने पहुंच गए। मामला बढ़ता देख क्षेत्र में भ्रमण के लिए निकले एसओ अश्वनी दुबे तत्काल थाने पर पहुंचे और लोगों से वार्ता की। ग्राम प्रधान छेदीलाल जायसवाल ने पुलिस से पकड़े गए लोगों को छोड़ने की अपील की। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने हिरासत में लिए गए सभी लोगों को रिहा किया, तब जाकर लोग शांत हुए। थानाध्यक्ष का कहना है कि चोरी के संदेह में पूछताछ के लिए थाने लाया गया था। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।