बरसठी। थाना क्षेत्र के सराय विक्रम गांव में सरकारी भूमि पर स्थापित आंबेडकर प्रतिमा को हटाने के दौरान सोमवार की देर शाम पुलिस प्रशासन को कड़ा विरोध झेलना पड़ा। अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों ने जमकर नारेबाजी की। तनाव के मद्देनजर कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई।
गणतंत्र दिवस पर सराय विक्रम गांव की अनुसूचित जाति की बस्ती के कुछ युवकों ने खलिहान की भूमि पर डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी थी। इसका विरोध कुछ लोगों ने करते हुए एसडीएम मड़ियाहूं संजय मिश्रा को प्रार्थना पत्र दिया। एसडीएम ने राजस्व लेखपाल से जांच कराई तो भूमि खलिहान के नाम पर आरक्षित पाई गई। रविवार को एसडीएम संजय मिश्रा, सीओ राजेंद्र प्रसाद ने बरसठी थाने पहुंचकर ग्राम प्रधान किरण सिंह के प्रतिनिधि अजय कुमार सिंह डब्बू और अनुसूचित जाति की बस्ती के लोगों को बुलवाकर पंचायत करवाया। तय हुआ था कि सोमवार को प्रतिमा हटा ली जाएगी। इसके बावजूद प्रतिमा न हटाने पर सोमवार की देर शाम बरसठी एसओ श्यामदास वर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। प्रतिमा हटाने का प्रयास किया तो बस्ती से 50 की संख्या में महिला-पुरुष पहुंच गए और प्रतिमा के चारों तरफ घेरा बनाकर नारेबाजी करने लगे। स्थिति भांपते हुए एसओ नेेेेे उच्चाधिकारियों को सूचना दी। देर शाम रामपुर, मड़ियाहूं, सुरेरी, नेवढ़िया थाने की फोर्स भी मौके पर पहुंच गई। रात साढ़े आठ बजे तक पुलिस फोर्स की मौजूदगी में प्रतिमा हटाने का प्रयास जारी था।