जौनपुर के नेवढ़ियां स्थित नेवढ़ियां इंटर कालेज में गिरा पीपल का पेड़।
- फोटो : JAUNPUR
नेवढ़िया। नेवढ़िया इंटर कॉलेज में गुरुवार को सुबह करीब 10 बजे पीपल के पुराने पेड़ का एक हिस्सा गिर गया। पेड़ के नीचे ही कक्षा छह के छात्रों की गणित की क्लास लगी थी। पेड़ की डाली की चपेट में आकर उसके नीचे पठन-पाठन में लगे दो छात्र, छह छात्राएं और शिक्षक घायल हो गए। घायल छात्रों को ग्रामीणों की मदद से पीएचसी पहुंचाया गया। जहां से सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल एक छात्रा की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उधर मौके पर एंबुलेंस के न पहुंचने से गुस्साए छात्रों ने पीएचसी पर खड़ी एंबुलेंस को क्षतिग्रस्त कर दिया।
नेवढ़िया इंटर कालेज में पीपल का करीब सवा सौ साल पुराना पेड़ है। इसी पेड़ के नीचे गणित के शिक्षक हरिनारायण उपाध्याय कक्षा छह के छात्रों को पढ़ा रहे थे। पेड़ के नीचे करीब 35 छात्र छात्राएं पढ़ाई कर रहे थे। विशालकाय पीपल के पेड़ का एक हिस्सा चरमराने लगा तभी खतरे का अंदेशा भांपकर छात्र भागने लगे। तभी पेड़ की डाल टूट कर गिर गई। उसकी चपेट में आने से शिक्षक हरिनारायण (45), खुशबू (12) व रिंकी(14) पुत्री रमाशंकर, श्वेता (13) पुत्री मिठाई लाल, किशन यादव (14) पुत्र मुन्ना, निशा पटेल(13) पुत्री शिव शंकर, अनुष्का (14) पुत्री अनिल यादव, किशन (12) पुत्र चंद्रकांत तिवारी, रिया मौर्या(13) पुत्री अवधेश मौर्या घायल हो गईं। स्कूल परिसर में अफरातफरी मच गई। काफी प्रयास के बाद भी एंबुलेंस का नंबर नहीं लगा तो ग्रामीण चारपाई पर लिटाकर सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां प्रथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान श्वेता (13) की मौत हो गई। हालत नाजुक होने के कारण शिक्षक हरिनारायण को वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। घायल छात्रों को लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे ग्रामीण व छात्र परिसर में एंबुलेंस खड़ी देखकर आगबबूला हो हो गए। छात्रों ने ईंट-पत्थर मारकर एंबुलेंस को क्षतिग्रस्त कर दिया। जिला अस्पताल में भर्ती खुशबू और रिंकी की हालत नाजुक बताई गई है। तहसीलदार सुदर्शन राम और क्षेत्राधिकारी अवधेश शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर घायलों का हालचाल पूछा।