जौनपुर। जिले में बनाए गए 34 केंद्रों पर रविवार को पीसीएस प्री परीक्षा होगी। परीक्षा में 16 हजार 032 अभ्यर्थी शामिल होंगे। निगरानी के लिए प्रशासन की तरफ से सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।
डीएम डाॅ. दिनेश चंद्र ने बताया कि परीक्षा में 16 हजार 032 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तथा अपराह्न 2:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए 34 सेक्टर तथा स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए एडीएम वित्त एवं राजस्व राम अक्षयवर चौहान को नोडल तथा एसडीएम न्यायिक मछलीशहर शिव प्रताप को सह नोडल अधिकारी बनाया गया है। परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक सामान के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को केंद्र में परीक्षा प्रारंभ होने से एक घंटा 30 मिनट पहले प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा प्रारंभ होने से 45 मिनट पहले प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। एसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।