जौनपुर। जनपद में 12 अक्तूबर को पीसीएस प्री परीक्षा होगी। इसके लिए 34 केंद्र बनाए गए हैं। जहां 16 हजार 32 परीक्षार्थियों को शामिल होना है। इसकी प्रशासनिक स्तर से तैयारी चल रही है। डीएम डॉ. दिनेश चंद्र ने कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
डीएम ने बताया कि परीक्षा में 16032 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा 12 अक्तूबर को दो पाली में सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा दूसरी पाली में 2:30 बजे से 4:30 बजे तक जनपद के 34 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा के लिए 34 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा स्टेटिक मजिस्ट्रेट नामित किए गए हैं। परीक्षा में 16032 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा सकुशल संपन्न कराने के लिए अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राम अक्षयवर चौहान नोडल तथा एसडीएम न्यायिक मछलीशहर शिव प्रताप सह नोडल नामित किए गए हैं।
परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पूरी तरह निषेध रहेंगे। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में परीक्षा प्रारंभ होने के एक घंटा तीस मिनट पहले प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा प्रारंभ होने से 45 मिनट पहले प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। एसपी डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी लगाई जाएगी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राम अक्षयवर चौहान आदि उपस्थित रहे।