जौनपुर। ब्लाॅक शाहगंज सोंधी के उसरहिया मॉडल तालाब के सुंदरीकरण के लिए 2020-21 में 5.86 लाख रुपये की भुगतान किया गया। फिर भी तालाब की सूरत नहीं बदली। तालाब का लोकार्पण पूर्व आवास एवं शहरी नियोजन राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने किया था। तालाब की हालत इस समय बदतर हो गई है। तालाब की सीढ़ियां और पुलिया ढह गई। तालाब का लोकार्पण जिस उद्देश्य से किया गया था वह मॉडल नहीं बन सका। नियमित देखभाल और रखरखाव न होने के चलते यह तालाब दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है। तालाब पर लोगों के बैठने के लिए पार्किंग चेयर बनाई गई थी जो महज 3 वर्षों में ही क्षतिग्रस्त होकर धराशाई हो गई है। जल निकासी की पुलिया भी टूट गई है। तालाब किनारे की मिट्टी पानी की तेज धार के साथ बह गई है। इससे बरसात का पानी बहकर बाहर निकल जाता है। आसपास घास-फूस और बेतरतीब झाड़ियां उग आई हैं। तालाब परिसर की साफ-सफाई बीते एक साल से नहीं हुई है। तालाब के किनारे पौधरोपण भी किया गया था, देखभाल न होने से सूख गए।
वर्जन-
मामले को दिखवाते हैं। इस तालाब को सुंदर रूप देने के लिए आवश्यक कार्य कराए जाएंगे।
-जितेंद्र प्रताप सिंह, बीडीओ, शाहगंज सोंधी, जौनपुर।