करंजाकला। उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय (मेडिकल कॉलेज) में मरीजों और स्टाफ को स्वच्छ वायु और हरियाली से भरपूर वातावरण देने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई है। कॉलेज प्रशासन द्वारा 20 लाख रुपये की लागत से घास लगाने और फलदार वृक्षों के पौधारोपण का कार्य शुरू कर दिया गया है। इस प्रयास का उद्देश्य न केवल परिसर की सुंदरता बढ़ाना है, बल्कि मरीजों को प्राकृतिक ऑक्सीजन के साथ मानसिक शांति भी प्रदान करना है।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अनुसार, यह कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। कॉलेज परिसर की पार्किंग से लेकर भवन के पास, खेल मैदान, डॉक्टरों के आवासीय परिसर और कर्मचारियों के आवासीय भवन के आसपास बड़े पैमाने पर हरियाली का विस्तार किया जा रहा है। इस हरियाली अभियान में आम, अमरूद, नींबू, आंवला और सहजन जैसे पौधे लगाए जा रहे हैं, जो न केवल पर्यावरण को समृद्ध करेंगे, बल्कि रोगियों और कर्मचारियों के लिए लाभकारी भी सिद्ध होंगे। इसके लिए टेंडर किया गया था। इसका काम निर्माण निगम की तरफ से कराया जा रहा है।
कॉलेज प्रशासन द्वारा उठाए गए इस कदम को स्थानीय लोगों और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों द्वारा भी सराहा जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि अस्पतालों में हरियाली और स्वच्छ वातावरण रोगियों की मानसिक स्थिति को सुधारने में मदद करता है और उपचार प्रक्रिया सहज बनेगी।
प्राचार्य डॉ. रुचिरा सेठी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज को हरा-भरा बनाने की दिशा में हमारा प्रयास लगातार जारी है। पौधारोपण के साथ-साथ परिसर की साफ-सफाई और सुविधाओं के उन्नयन पर भी ध्यान दिया जा रहा है। हमारा लक्ष्य है कि मरीजों को इलाज के साथ-साथ एक ऐसा वातावरण मिले जो उनके स्वास्थ्य लाभ को और तेज कर सके।