मुंगराबादशाहपुर। प्राथमिक स्वास्थ केंद्र के सामने शक्ति पैथोलॉजी में अनाधिकृत रूप से प्रसव कराने मामले में सोमवार को एसडीएम ने छापा मारा और उसे बंद करा दिया। चेतावनी दी कि दोबारा शिकायत मिलने पर भवन को सील कर दिया जाएगा।
पैथालॉजी सेंटर की आड़ में प्रसव कराने और संचालक द्वारा बीस हजार रुपये पीड़ित से वसूलने की शिकायत पर एसडीएम राजेश चौरसिया पुलिस फोर्स के साथ शक्ति पैथालॉजी सेंटर पर छापा मारा। कर्मचारी फरार हो गये। एसडीएम व चिकित्सा प्रभारी राजेश कुमार ने संचालक विजेंद्र सिंह से दस्तावेज मांगे तो पता चला कि आयुर्वेद चिकित्सा प्रमाणपत्र पर संचालन किया जा रहा था। मरीजों को भर्ती करने के भी प्रमाण मिले। बेसमेंट में ऑपरेशन थिएटर था। प्रभारी चिकित्साधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि पैथालॉजी बंद करा दी गई है। संचालक उसी भवन में रहता है, लिहाजा उसे सील नहीं किया गया।