जौनपुर। रेलवे जंक्शन से गोदान एक्सप्रेस, सुहेलदेव एक्सप्रेस सहित 34 जोड़ी ट्रेनें गुजरती है। ऐसे में हर रोज बड़ी संख्या में लोग ट्रेन पकड़ने के लिए यहां आते हैं। लेकिन, पर्याप्त यात्री सुविधाएं नहीं होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्लेटफार्म नंबर एक और दो पर एक-एक वॉटर एटीएम लगा है, जो लंबे समय से बंद हैं। वाटर कूलर की टोटी से गर्म पानी निकल रहा है। कई नल की टोटियां सूखी पड़ी हैं। ऐसे में यात्रियों को 20 रुपये प्रति बाटल ठंडा पानी खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर दो पंखे बंद मिले। जबकि प्लेटफार्म नंबर पांच पर एक भी पंखा नहीं लगा है। यह अलग बात है कि इस प्लेटफार्म से एक-दो ही ट्रेनें गुजरती हैं। अन्य प्लेटफार्म पर बैठे यात्री हाथ पंखा झलकर गर्मी से राहत पाने की कोशिश करते हैं।