मीरगंज। जंघई जंक्शन रेलवे स्टेशन पर जनरल टिकट लेने आए यात्रियों ने बृहस्पतिवार को टिकट बाबू पर नशे में धुत होकर ज्यादा पैसे लेने और गाली गलौज करने का आरोप लगाकर हंगामा कड़ा कर दिया।
वाराणसी-प्रतापगढ़ रेलवे रूट स्थित जंघई जंक्शन रेलवे स्टेशन पर बृहस्पतिवार को दोपहर डेढ़ बजे काशी एक्सप्रेस पकड़ने आए यात्रियों ने सामान्य टिकट काउंटर पर हंगामा खड़ा कर दिया। आरोप लगाया कि टिकट बाबू नशे में धुत होकर लोगों से गाली गलौज कर प्रति टिकट पर तीस रुपये अतिरिक्त ले रहे हैं। हंगामे होने की जानकारी होने पर पहुंचे दूसरे टिकट बाबू ने नशे में धुत टिकट बाबू को तत्काल वहां से हटा दिया। खुद टिकट काउंटर पर बैठकर टिकट देना शुरू कर दिया। इसके बाद यात्री शांत हुए। सूरत जा रहे रवि चंद का कहना है कि टिकट बाबू 30 रुपये अतिरिक्त ले रहा है। मुम्बई जा रहे सूरज ने बताया कि कि टिकट बाबू नशे में धुत होकर पैसा भी ज्यादा ले रहा है तथा गाली गलौज भी कर रहा था। स्टेशन अधीक्षक कोमल सिंह ने बताया कि टिकट बाबू को हटाकर दूसरे टिकट बाबू को लगा दिया गया है। टिकट बाबू का कहना है की उसकी तबीयत ठीक नहीं है। किसी यात्री ने लिखित शिकायत नहीं की है। शिकायत मिलती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-