जौनपुर। सपा नेता व पूर्व मंत्री स्व. पारसनाथ यादव के पुत्र लकी यादव ने लाइसेंसी पिस्टल चोरी होने का केस दर्ज कराया है। जिस पिस्टल के चोरी होने का केस दर्ज हुआ है, तीन दिन पहले ही उसके साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पकड़ा गया व्यक्ति लकी का ही पुराना ड्राइवर है। फिलहाल केस दर्ज होने के बाद पुलिस छानबीन में जुटी है।
लकी यादव ने शहर कोतवाली में दी तहरीर में कहा है कि मंगलवार की रात क्षेत्र से लौटने के बाद उन्होंने अपनी इंडिवर कार ओलंदगंज-जेसीज चौराहा मार्ग स्थित आवास में खड़ी कर दी। उनकी लाइसेंसी पिस्टल कार की डिकी में रखी थी। अगले दिन जब उन्होंने कार निकाला तो डिकी में से पिस्टल गायब थी। पहले तो घर में ही खोजबीन की, लेकिन पता न चलने पर थाने में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। इस बाबत शहर कोतवाल पवन कुमार उपाध्याय ने बताया कि लकी यादव की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। वैसे वह पिस्टल लाइन बाजार थाने में बरामद हो चुकी है। बुधवार को ही लाइन बाजार पुलिस ने सिकरारा निवासी अंकित मिश्र को चोरी की एक पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अंकित मिश्र पहले लकी का चालक था। बाद में उसे नौकरी से हटा दिया गया था। केस दर्ज हो चुका है। फिलहाल छानबीन की जा रही है।