जौनपुर। कोरोना के चलते 24 सप्ताह के लिए पेरोल पर जेल से छूटे 40 बंदियों में से 33 ने समय सीमा खत्म होने के बाद भी जेल में हाजिर नहीं हुए। छह बंदियों ने पहले ही जेल में आमद करा ली थी जबकि आखिरी दिन सोमवार को एक बंदी हाजिर हुआ। अब नियम का उल्लंघन करने वाले 33 बंदियों को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज सकती है।
जेलर राज कुमार ने बताया कि पेरोल पर छूटे सभी बंदियों को फोन पर भी सूचना दी गई थी कि उनकी पेरोल की समय सीमा सोमवार तक खत्म हो जाएगी। बावजूद इसके अभी तक 33 बंदी जेल वापस नहीं आए। कोरोना के बढ़ते संक्रमण और जेल में क्षमता से अधिक बंदी होने के कारण उन 40 बंदियों को तीन अप्रैल को पेरोल पर छोड़ा गया था, जो सात साल या उससे कम की सजा के मामले में जेल में बंद हैं।