जौनपुर। लोकसभा चुनाव के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम की तैयारियाें का जायजा लेने बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ पूर्वांचल विश्वविद्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मतगणना स्थल, पार्टी रवानगी स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुलिस चौकी के सामने वाले मैदान में मतदान कार्मिकों के वाहनों के पार्किंग के लिए रैंप और साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मूल्यांकन भवन में बनाए गए मतगणना स्थल में मतगणना के लिए लगाए जाने वाले टेबल, मतगणना, पार्किंग स्थल आदि के संबंध में जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि मतगणना के संबंध में सभी प्रकार की आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं। उन्होंने विधान सभावार बनाए गए स्ट्रांग रूम कक्षों में जाकर जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि पार्टी रवानगी स्थल पर टेंट, पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई आदि व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी साईं तेजा सीलम, उप जिला निर्वाचन अधिकारी राम अक्षयबर चौहान, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट इशिता किशोर, उप जिलाधिकारी सदर पवन कुमार आदि मौजूद रहे।
मतदान प्रतिशत बढा़ने के लिए वाहनों पर लगाए स्टीकर
जौनपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढा़ने के लिए बुधवार अभियान चलाया। इसमें शहर के पेट्रोल पंपों पर आने- जाने वाले वाहनों पर स्टीकर चिपका कर सेल्फी ली गई। उन्होंने इस अभियान के तहत अधिक से अधिक मतदान के लिए लोगों को प्रेरित किया। साथ ही लोगों को मतदान करने की शपथ भी दिलाई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान तिथि 25 मई को है। सभी लोग अपना वोट जरूर दें।