जौनपुर। कोविड-19 के टीकाकरण के लिए मंगलवार को हुए ड्राई रन (पूर्वाभ्यास) में स्वास्थ्य विभाग पास हो गया। सब कुछ पहले से तय कार्यक्रम के हिसाब से भी चला। केंद्र पर प्रवेश से लेकर टीका लगाने के दौरान और सावधानियोंके बावजूद टीका लगवाने आए लोगों में घबराहट दिखी। अब असल परीक्षा टीकों के आने पर होगी। मकर संक्रांति तक वैक्सीन आने की संभावना में स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। ड्राई रन में छह केंद्रों पर ड्राई रन में 300 स्वास्थ्य कर्मियों ने हिस्सा लिया।
पूर्वाभ्यास के लिए शहर में तीन केंद्र जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल और राजकीय लीलावती अस्पताल को चुना गया था। सीएमओ डॉ. राकेश कुमार की निगरानी में यहां अभ्यास शुरू हुआ। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने भी टीकाकरण कार्य का निरीक्षण किया। दौरान कोरोना से बचाव नियमों के पालन के प्रति उदासीनता पर नाराज डीएम ने पूर्वाभ्यास को गंभीरता से लेने की हिदायत दी। अभ्यास के दौरान पहले से चिह्नित स्वास्थ्य कर्मियों को केंद्र के बाहर दो गज की दूरी के साथ कतार में खड़ा कराया गया। सुरक्षाकर्मियों ने लिस्ट से लाभार्थी का नाम, जन्मतिथि का मिलान किया और पहचान पत्र की जांच की। आधार कार्ड, बैंक पास बुक, राज्य या केंद्र सरकार से मिले पहचान पत्र से विवरण का मिलान किया गया। जांच में पास लोगों को वेटिंग रूम में भेज दिया गया। वहां एक-एक कर उनकी पहचान स्पष्ट की गई और फिर टीकाकरण कक्ष में भेजा गया। सभी केंद्रों पर 50-50 स्वास्थ्य कर्मियों को बुलाया गया था। इनके साथ ही 72 कर्मचारियों की टीम इन केंद्रों पर निगरानी के लिए तैनात की गई थी। इस दौरान वैक्सीनेशन प्रभारी डॉ. नरेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।
ड्राई रन में हुए पास, अब वैक्सीन का इंतजार
जलालपुर/बदलापुर। कोविड वैक्सीनेशन के लिए पूर्वाभ्यास सफल रहा। सीएचसी रेहटी में सुबह दस बजे डिप्टी सीएमओ डॉ. आरके सिंह, अधीक्षक डॉ. मनोज कुमार सिंह की मौजूदगी में ड्राई रन किया गया। एसआई संजय सिंह के नेतृत्व में महिला व पुरूष कांस्टेबल जांच काउंटर पर टीका लगाने आए लोगों की जांच की। उनको कोविड प्रोटोकाल का पालन करने की नसीहत दी गई। सबसे पहले डॉ. गौरव और अंत में डॉ. श्रुतिकृति श्रीवास्तव को भेजा गया। बदलापुर सीएचसी पर अधीक्षक डॉ. संजय दुबे, एसडीएम कौशलेस मिश्र, डिप्टी सीएमओ डॉ. विजय यादव, विश्व स्वास्थ्य के मॉनीटर इंद्रेश मिश्र, विनय श्रीवास्तव, धनंजय, प्रियंका, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी राकेश मौर्य आदि लोग मौजूद रहे। मड़ियाहूं सीएचसी में डिप्टी सीएमओ डॉ. एसपी मिश्रा के नेतृत्व में 50 स्वास्थ्यकर्मियों के टीकाकरण का अभ्यास किया गया।
आठ नए केस मिले, दो मरीज ठीक हुए
जौनपुर। जिले में मंगलवार को कोरोना के आठ नए पॉजिटिव केस मिले। पहले के दो मरीज ठीक हुए। नए मरीजों को मिलाकर अब 6612 कुल पॉजिटिव केस हो गए हैं। इसमें 6349 ठीक हुए हैं, जबकि 98 की मौत हुई है। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को 1330 नए सैंपल किए गए। अब तक 303063 सैंपल किए जा चुके हैं। इसमें 1272 का रिजल्ट आना शेष है।