वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के बीएससी द्वितीय वर्ष गणित प्रथम का पेपर आउट हो जाने के कारण शनिवार को होने वाली परीक्षा निरस्त कर दी गई। जांच के लिए कुलपति ने तीन सदस्यीय समिति का गठन कर दिया है। समिति एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। पेपर निरस्त होने की जानकारी के अभाव में कुछ केंद्रों पर परीक्षा करा दी गई। वहीं कई केंद्रों से छात्रों को वापस लौटना पड़ा।
बीएससी द्वितीय वर्ष गणित प्रथम की परीक्षा शनिवार को दूसरी पाली में दो से पांच बजे के बीच होनी थी।
सुबह 11 बजे से ही इस बात की सूचना आने लगी की मैथ का पेपर आउट हो गया है। दूसरे जिलों से कॉलेज के लोग भी पेपर आउट होने की जानकारी विश्वविद्यालय से करने लगे थे। कुलपति के निर्देश पर मैथ की परीक्षा निरस्त कर दी गई। सभी परीक्षा केंद्रों को इस बात की सूचना भेज दी गई कि मैथ का पेपर आउट होने के कारण परीक्षा निरस्त कर दी गई है।
जानकारी होने के बाद भी छात्रों के हंगामे के डर से कुछ केंद्रों पर परीक्षा करा दी गई। जबकि कुछ कालेजों ने परीक्षा नहीं कराई। जांच के लिए गठित की गई समिति में पूर्व प्राचार्य डा. यूपी सिंह, डा. एसपी ओझा और डा. अविनाश पाथरर्डीकर शामिल किए गए हैं। समिति एक सप्ताह के भीतर जांच कर मामले की रिपोर्ट कुलपति को सौंपेगी। उधर, बीएससी गणित का पर्चा आउट होन की खबर दिनभ्ार चर्चाओं में रही।