चंदवक, थाना क्षेत्र के मोढ़ेला तिराहे के पास पलटा ट्रेलर। स्रोत-सोशल मीडिया
थाना क्षेत्र के मोढ़ेला तिराहे के पास मंगलवार तड़के एक अनियंत्रित ट्रेलर पलटने से सड़क किनारे खड़ा ट्रैक्टर-ट्रॉली उसकी चपेट में आ गया। हादसे में ट्रैक्टर पर बैठा हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। आजमगढ़-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोढ़ेला तिराहे के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ी थी। चालक उसे ठीक कराने के लिए मिस्त्री बुलाने गया था, जबकि हेल्पर संजू, निवासी केराकत, ट्रैक्टर पर ही बैठा था। इसी दौरान वाराणसी की ओर से कोयला लादकर आजमगढ़ जा रहा ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। ट्रेलर की चपेट में आने से ट्रैक्टर उसके नीचे दब गया और हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को ट्रेलर के नीचे से बाहर निकालकर उपचार के लिए सीएचसी चोलापुर भेजा। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से भाग गया। थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि ट्रेलर को कब्जे में ले लिया गया है। पीड़ित पक्ष से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।