खेतासराय सड़क दुर्घटना में मृतक करन की फाइल फोटो। स्रोत-परिजन
खेतासराय। गुरैनी बाजार के पास गुरुवार दोपहर एक तेज रफ्तार बेकाबू कार ने अस्पताल के बाहर खड़े वाहनों को रौंद दिया। हादसे में सड़क किनारे बाइक पर बैठकर फोन पर बात कर रहे एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन कार और चार बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के बधवा महादेव निवासी करन (24) पुत्र गणेश अपनी बहन किरन का इलाज कराने गुरैनी स्थित एक निजी अस्पताल आए थे। बताया गया कि वह अस्पताल के बाहर बाइक पर बैठकर फोन पर बात कर रहे थे। इसी दौरान जौनपुर से शाहगंज की ओर जा रही तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर दूसरी पटरी पर पहुंच गई और अस्पताल के बाहर खड़े वाहनों को टक्कर मार दी।
कार की चपेट में आने से करन गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल उपचार के लिए ले गए, लेकिन जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज ले जाते समय उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे में अस्पताल के चिकित्सक और प्रबंधक की कार समेत एक मरीज की स्कॉर्पियो और चार बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार और चालक को कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि यातायात व्यवस्था बहाल कराकर शव को कब्जे में लिया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
खेतासराय सड़क दुर्घटना में मृतक करन की फाइल फोटो। स्रोत-परिजन