जौनपुर। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान 47 शिकायतों में से छह का निस्तारण किया गया। तेजीबाजार : थानाध्यक्ष सत्येंद्र भाई पटेल की अध्यक्षता में थाना पर सात प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए लेकिन एक का भी मौके पर निस्तारण नहीं हुआ। बदलापुर : कोतवाली परिसर में अपराध निरीक्षक मुन्नाराम घुसिया की अध्यक्षता में कुल 11 जरूरतमंदों ने प्रार्थना पत्र दिया जिसमें मौके पर एक का निस्तारण किया गया। मड़ियाहूं : कोतवाली परिसर में प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह की अध्यक्षता में पांच प्रार्थना पत्रों में से एक का भी निस्तारण नहीं हुआ। शाहगंज : नायब तहसीलदार पीयूष सिंह की अध्यक्षता में आठ प्रार्थना पत्र में से एक का निस्तारण हुआ। सुजानगंज : सुजानगंज थाना परिसर में तहसीलदार रवि रंजन कश्यप, नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव की उपस्थिति में 16 प्रार्थना पत्र में चार का निपटारा हुआ। संवाद