फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jaunpur News: खुटहन में 25 हजार किसानों के हिस्से आईं सिर्फ 5 हजार डीएपी की बोरियां

विज्ञापन
साधन सहकारी समिति रजनीपुर सिंगरामऊ में खाद के लिए लगी भीड़। संवाद
विज्ञापन
जौनपुर।
विज्ञापन

धान की फसल में मौसम की मार झेल चुके किसानों के सामने अब रबी की बोआई के लिए डीएपी का संकट खड़ा हो गया है। जिले की सहकारी समितियों पर मांग के मुकाबले आपूर्ति बेहद कम है। खुटहन में 25 हजार किसानों के लिए 10 समितियों से अब तक सिर्फ पांच हजार बोरी खाद वितरित हुई है, जबकि मड़ियाहूं की 12 में से आठ समितियों पर स्टॉक खत्म है। दुगोली में 500 से ज्यादा किसानों के लिए सिर्फ 200 बोरी खाद पहुंची। खाद के लिए समितियों पर कतार लगाने के बावजूद किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। मजबूरी में उन्हें निजी दुकानों से महंगे दामों पर खाद खरीदनी पड़ रही है।
सुबह 8 बजे 500 किसान पहुंचे, 250 खाली हाथ लौटे
मुफ्तीगंज। पेसारा और दुगोली सहकारी समितियों पर खाद की कमी से किसान परेशान हैं। दुगोली समिति पर 200 बोरी खाद पहुंचने की जानकारी मिलते ही 500 से ज्यादा किसान पहुंच गए। कुछ ही घंटों में खाद का वितरण हो गया। 250 किसान खाली हाथ लौटे। पेसारा समिति के सचिव यदुवेंद्र सिंह बच्चा ने बताया कि समिति पर 250 बोरी खाद उपलब्ध है।
विज्ञापन

20 हजार बोरी वितरण के बाद पीसीएफ केंद्र का स्टॉक खत्म
केराकत। पीसीएफ केंद्र पर डीएपी खाद खत्म होने से किसानों को परेशानी हो रही है। सरकी निवासी किसान महेश यादव ने बताया कि वे कई दिनों से केंद्र का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन खाद नहीं मिल रही है। सिहौली पीसीएफ केंद्र के प्रभारी बब्बन सिंह कुशवाहा ने बताया कि अब तक 20 हजार बोरी खाद का वितरण किया जा चुका है। स्टॉक खत्म हो गया है। सोमवार को नई खेप आने की उम्मीद है। खाद पहुंचने के बाद वितरण शुरू किया जाएगा।
22 टन डीएपी और यूरिया की मांग, मिलीं सिर्फ 250 बोरी
सिंगरामऊ। रजनीपुर सहकारी समिति के सचिव वीर बहादुर सिंह ने बताया कि समिति पर फिलहाल डीएपी उपलब्ध है। किसान फार्मर रजिस्ट्री के कागजात की जांच के बाद खाद ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि समिति की ओर से 22 टन डीएपी और यूरिया की मांग की गई थी, लेकिन सिर्फ 250 बोरी खाद उपलब्ध कराई गई। बोआई का सीजन होने के कारण किसानों की भीड़ जुट रही है, इससे वितरण में देरी हो रही है।
आठ समितियों पर एक सप्ताह से नहीं है डीएपी
मड़ियाहूं। मड़ियाहूं विकास खंड की 12 साधन सहकारी समितियों में से आठ पर खाद उपलब्ध नहीं है। गुलजारगंज, कल्याणपुर, पाली और बेलवा समितियों पर खाद उपलब्ध होने की जानकारी दी जा रही है, जबकि शेष समितियों पर पिछले एक सप्ताह से स्टॉक खत्म है। इससे किसानों को परेशानी हो रही है। किशनपुर समिति के सचिव अनिल मौर्य ने बताया कि दीपावली से पहले ही समिति का स्टॉक खत्म हो गया है। एडीओ कोऑपरेटिव कांतिलाल सरोज से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।
दो समितियों पर खाद वितरण ठप, खाली हाथ लौटे किसान
खेतासराय। साधन सहकारी समिति मनेछा पर बुधवार को खाद का वितरण नहीं हुआ। इससे खाद लेने पहुंचे किसानों को निराश होकर लौटना पड़ा। किसानों का कहना है कि खाद की खपत ज्यादा है, लेकिन आपूर्ति न के बराबर हो रही है। वहीं, शाहापुर साधन सहकारी समिति भी बंद रही और वहां भी खाद का वितरण नहीं हुआ। मंगलवार को मनेछा समिति पर 250 बोरी डीएपी का वितरण किया गया था। समिति के सचिव अरुण यादव ने बताया कि उपलब्ध आपूर्ति के अनुसार खाद का वितरण किया जा रहा है।
नौ समितियों पर खाद के लिए लग रही कतार
डोभी। ब्लॉक क्षेत्र में कुल नौ बहुउद्देश्यीय सहकारी समितियां हैं। बहीरी, कोपा, बीरीबारी, अमरौना, बोडसर, मंदुपुर, चंदवक, ब्राह्मणपुर और कनौरा समितियों पर खाद की किल्लत बनी हुई है। किसान डीएपी, एनपीके और यूरिया के लिए कतार लगा रहे हैं, लेकिन मांग के सापेक्ष आपूर्ति नहीं होने से उन्हें निजी दुकानों का रुख करना पड़ रहा है।

-
जनपद में 12 हजार टन डीएपी और नौ हजार टन एनपीके उपलब्ध है। जो जिले के लिए पर्याप्त है। अगर कहीं कोई शिकायत मिलती है तो उस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए टीम गठित की गई है। इसमें एसडीएम, एडीओ और लेखपाल शामिल हैं। शिकायत पर छापा मारकर कार्रवाई की जाएगी।
- डा. अश्वनी सिंह, उपनिदेशक कृषि
बोले किसान
धान की फसल में मौसम की मार से पहले ही काफी नुकसान हो चुका है। अब रबी फसल की बोआई के लिए खाद चाहिए, लेकिन बरसठी समिति पर डीएपी नहीं है। समय से खाद नहीं मिली तो बोआई प्रभावित होगी। - उदयभान सिंह, खुआवां
कई दिनों तक समितियों का चक्कर लगाने के बाद भी डीएपी नहीं मिली। मजबूरी में दुकान से 1650 रुपये प्रति बोरी की दर से खाद खरीदनी पड़ी। खाद महंगी मिलने से खेती की लागत भी बढ़ गई है। - रोहित तिवारी, बदलापुर
रबी की फसलों की बोआई और शुरुआती देखभाल के समय खाद की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। समितियों पर पर्याप्त खाद नहीं मिलने से सुबह से लाइन में लगने के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। - सूरज कुमार, निशान
विज्ञापन

समितियों पर किसानों की भीड़ के मुकाबले खाद की आपूर्ति बेहद कम है। दुगोली समिति पर 500 से ज्यादा किसानों के लिए सिर्फ 200 बोरी खाद पहुंचना इसकी स्थिति बताता है। अधिकारियों को पर्याप्त खाद उपलब्ध करानी चाहिए।
- अजीत राय, रामपुर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें